सुधीर पारवे की शाह से मुलाकात के बाद उमरेड टिकट पर सस्पेंस बढ़ा

रामटेक संसदीय सीट की उम्मीदवारी से वंचित रहे भाजपा के पूर्व विधायक सुधीर पारवे ने सोमवार को दिल्ली पहुंचकर भाजपा नेता एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की।

जानकारी मिली है कि इस दौरान उन्होंने उमरेड की टिकट पर दावा किया।

इस मुलाकात के बाद उमरेड के पूर्व विधायक राजू पारवे की टिकट एवं राजनीतिक भविष्य पर सवालिया निशान लग गया है।

भाजपा कार्यकर्ताओं की मांग थी कि रामटेक संसदीय सीट से भाजपा चुनाव लड़े। सुधीर पारवे भाजपा टिकट के दावेदार थे। लेकिन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने यह सीट भाजपा के लिए नहीं छोड़ी। तत्कालीन सांसद कृपाल तुमाने का टिकट काट कर कांग्रेस के विधायक रहे राजू पारवे को शिवसेना में शामिल कर शिंदे ने उन्हें टिकट दिया।

शाह से मुलाकात को सुधीर पारवे राजनीतिक बैठक करार नहीं दे रहे। हालांकि, सूत्र दावा कर रहे हैं कि उमरेड की टिकट के लिए वे दिल्ली पहुंचे। भाजपा को यह सीट शिंदे सेना के लिए नहीं छोड़नी चाहिए। सूत्रों के अनुसार, सुधीर पारवे ने भी यही बात शाह से की।

सुधीर पारवे ने कहा कि उन्होंने अमित शाह से मुलाकात के लिए समय मांगा था। यह सदिच्छा मुलाकात थी। कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई। उन्हें केवल दर्शन के लिए अंभोरा मंदिर आने का निमंत्रण दिया। उधर उमरेड में इस बैठक को लेकर खूब चर्चा है।